नीती घाटी की टिम्मरसैंण गुफा में बाबा बर्फानी के शिवलिंग का आकार उभरने लगा
न्यूज Now ब्यूरो
चमोली। भारत-चीन सीमा पर स्थित नीती घाटी की टिम्मरसैंण गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन होने लगे हैं। यहां बाबा बर्फानी की गुफा में बर्फ से शिवलिंग का आकार उभरने लगा है जिसके दर्शनों के लिए यहां लगातार शीतकाल में भी पर्यटकों और श्रद्धालुओं की आमद बढ़ने लगी है।
यहां टिम्मरसैंण महादेव की गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शनों के लिए दूर-दूर से श्रद्धालुगण यहां पहुंच रहे हैं। जोशीमठ-मलारी हाईवे पर नीती गांव के समीप तीन किलोमीटर की पैदल दूरी पर टिम्मरसैंण गुफा स्थित है और यहां दिसंबर से मार्च माह तक गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन होते हैं। यहां बाबा बर्फानी बड़े शिवलिंग के आकार में उभरते हैं।
इस सीजन की पहली बर्फबारी के बाद अब नीती घाटी में मौसम और खुश गवार बना हुआ है, वहीं बर्फबारी और मौसम साफ होने के बाद नीती घाटी में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। यहां कई झरने नाले जमकर बर्फ में तब्दील हो गए हैं। टिम्मरसैंण गुफा में भी बाबा बर्फानी अपने प्राकृतिक स्वरूप में दिखने लगे हैं।