लखनऊ। उत्तर प्रदेश की बीजेपी सरकार ने 4 साल के बाद आज राज्य महिला आयोग के गठन की घोषणा की। प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने आज आगरा की बबिता सिंह चौहान को एक वर्ष के लिए आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया। मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव को पार्टी में शामिल करने के ढाई साल बाद भाजपा ने बड़ी जिम्मेदारी दी है। अपर्णा को इस आयोग का उपाध्यक्ष बनाया गया है।
अपर्णा यादव के अलावा तीन और उपाध्यक्षों के नियुक्ति की अधिसूचना मंगलवार की शाम जारी हुई। गोरखपुर की चारू चौधरी को भी महिला आयोग का उपाध्यक्ष बनाया गया है। चारू चौधरी गोरखपुर की पूर्व मेयर और पूर्व राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अंजू चौधरी की पुत्र वधू हैं। लखनऊ से 4 सदस्यों की नियुक्ति की गई है जिसमें एकता सिंह, अंजू प्रजापति, डा. प्रियंका मौर्य और ऋतु शाही के नाम शामिल हैं. वैसे तो राज्य महिला आयोग का कार्यकाल 3 वर्ष का होता है पर इस बार सभी पदाधिकारियों और सदस्यों की नियुक्ति एक साल के लिए की गई है।